संघर्ष विराम का उल्लंघन

जम्मू,संघर्ष विराम का उल्लंघनकरते हुए पाकिस्तानी सेना ने रविवार को फिर से भारतीय सीमा चौकियों पर फायरिंग की। इस बार पाकिस्तान के निशाने पर जम्मू जिले के कानाचक्क इलाके की 12 चौकियां रहीं। गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल [बीएसएफ] के एक जवान घायल हुआ है।
भारत ने भी इस गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। पाकिस्तान की ओर हुए नुकसान का पता नहीं चल सका है। पूर्वाह्न में पुंछ जिले के बालाकोट-मेंढर इलाके में भी गोलीबारी की सूचना है। सेना के सूत्रों के अनुसार गोलीबारी में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है।

<!-- more -->
इस बीच पांच अगस्त को हुई पाकिस्तानी गोलीबारी में घायल बीएसएफ जवान की रविवार को एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पाकिस्तान की ओर से प्रात:काल शुरू हुई यह फायरिंग रुक-रुककर अपराह्न दो बजे तक जारी रही। इस दौरान बीएसएफ के जवान पवन कुमार के सीने में गोली लगी, जिसका असर उसकी रीढ़ की हड्डी पर भी हुआ। नर्वस सिस्टम प्रभावित होने से पवन कुमार के दोनों पैरों ने काम करना बंद कर दिया है। उसे इलाज के लिए दिल्ली में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भेजा जाएगा। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने शनिवार से तीसरी बार संघर्ष विराम का उल्लंघन करके गोलीबारी की है। शनिवार को पुंछ जिले से लगी भारतीय सीमा में सात घंटे में पाकिस्तान की ओर से सात हजार चक्र गोलियां चलाई गई थीं। पाकिस्तान की ओर से यह गोलीबारी सीमा पार करके पांच भारतीय जवानों की हत्या के बाद की जा रही है।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता एसएन आचार्य के अनुसार पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के समीप शनिवार रात 10.20 बजे भी पाकिस्तान की ओर से फायरिंग की गई, जो तड़के साढ़े चार बजे तक जारी रही। भारत की ओर से भी इस गोलीबारी का जवाब दिया गया। किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। बीती पांच अगस्त को भी सांबा जिले के नारायणपुर इलाके में गश्त करके बीएसएफ के गश्ती दल पर फायरिंग की थी। इस फायरिंग में हेड कांस्टेबल राम निवास मीणा घायल हो गए थे। उनके सीने में गोली लगी थी। दिल्ली के एम्स में इलाज के दौरान रविवार को उनकी मौत हो गई। इस साल एक जनवरी से अभी तक पाकिस्तान की ओर से 57 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जा चुका है।
पाक ने लगाया भारत पर आरोप
इस्लामाबाद में पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एजाज अहमद चौधरी ने गोलीबारी के लिए भारतीय सुरक्षा बलों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा, सियालकोट सेक्टर में रविवार सुबह भारतीय सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान रेंजरों पर फायरिंग की।